बैंड-बाजे और शहनाई की धुन पर निकली शोभायात्रा, 1001 महिलाओं ने कलश धारण कर लिया हिस्सा; सुरसर नदी घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भरा गया पवित्र जल
छातापुर/सुपौल/बिहार : छातापुर मुख्यालय बाजार स्थित बंधन होटल परिसर में नवनिर्मित अर्धनारीश्वर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शहनाई और बैंड-बाजे की धुनों के बीच निकली इस धार्मिक शोभायात्रा में 1001 महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। लाल-पीले परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर कतारबद्ध होकर चल रही थीं। शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
कलश शोभायात्रा पूर्णिया से पधारे प्रमुख आचार्य पंडित दयानाथ मिश्र के सानिध्य में निकाली गई। यजमान पैनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी कविता मिश्रा मुख्य कलश धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुए। स्थानीय गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने धार्मिक पताकाएं लेकर यात्रा में सहभागिता की।
सुरसर नदी घाट पर हुआ विधिवत पूजन, मंत्रोच्चार के बीच भरा गया जल
मुख्य सड़क से होते हुए कलश शोभायात्रा बस पड़ाव पहुंची और वहां से करीब दो किलोमीटर की दूरी तय कर सुरसर नदी घाट पहुंची। घाट पर विद्वान पंडितों द्वारा षोडशोपचार पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं ने सुरसर नदी से कलश में पवित्र जल भरा।पवित्र जल लेकर सभी श्रद्धालु पुनः अनुष्ठान स्थल की ओर रवाना हुए। इस दौरान ‘बोल बम’, ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयघोष से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और भक्ति का भाव देखने को मिला।
श्रद्धालुओं के लिए शरबत व अल्पाहार की व्यवस्था
आयोजन स्थल पर कलश यात्रा में शामिल सभी महिलाओं के लिए शरबत एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। आयोजन को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष प्रमोद झा के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल कलश शोभायात्रा के साथ तैनात रहा।
17 विद्वान पंडितों की मौजूदगी में हो रहा प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान
प्रमुख आचार्य पंडित दयानाथ मिश्र ने बताया कि उनके सानिध्य में बनारस, भागलपुर एवं स्थानीय कुल 17 विद्वान पंडितों द्वारा अर्धनारीश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा के लिए वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी मूर्तियों का नगर भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद भगवान भोलेनाथ के पूरे परिवार के साथ राधा-कृष्ण एवं बजरंग बली सहित कुल आठ मूर्तियों की विधि-विधानपूर्वक स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
संध्या से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का होगा वितरण
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपरांत संध्या काल से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में शालिग्राम पांडेय, प्रमोदचंद बोथरा, गौरीशंकर भगत, रामटहल भगत, ललितेश्वर पांडेय, अशोक भगत, उपेंद्र भगत, सूरज चंद्र प्रकाश, राजू झा, पंकज भगत, गुंजन भगत, सोएब अख्तर, मनोज झा, संजीव सहनी, सुभाष कुमार यादव, प्रदीप भगत, मो. जनीफ, राजेश जैन, महानंद सहनी, विकास कुमार, ललिता देवी, अमोल बहरखेर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- रियाज खान

