हर घर तिरंगा अभियान के तहत सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर लिया हिस्सा, जय हिंद के नारों से गूंजे मार्ग
छातापुर/सुपौल/बिहार : हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को छातापुर प्रखंड की रामपुर एवं माधोपुर पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति और उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।

रामपुर पंचायत में डीसीएलआर के नेतृत्व में निकली यात्रा
रामपुर पंचायत में त्रिवेणीगंज डीसीएलआर संस्कार रंजन के नेतृत्व में पंचायत सरकार भवन परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ जीविका दीदियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों, छात्र-छात्राओं तथा आमजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चिलचिलाती धूप के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पंचायत सरकार भवन परिसर से शुरू हुई यात्रा सिद्दीकी चौक होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी और पुनः पंचायत सरकार भवन परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार यादव, मुखिया कुलसुम, मुखिया प्रतिनिधि मो. हासिम, पंचायत सचिव मकसूद आलम, उप मुखिया संजय सिंह, सेविका श्वेता कुमारी, आशा प्रीति झा, स्वच्छता पर्यवेक्षक अमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
माधोपुर में भी निकाली गई तिरंगा यात्रा
वहीं माधोपुर पंचायत में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शिव मंदिर परिसर से शुरू हुई यात्रा महद्दीपुर बाजार होते हुए पीएनबी शाखा तक पहुंची। इसके बाद विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए यात्रा का समापन किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा और ‘जय हिंद’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपनी एकजुटता और सम्मान का प्रदर्शन किया।
यात्रा में मुखिया प्रतिनिधि मोती अहमद, सरपंच अरविंद शर्मा, समाजसेवी रहमत अली, सिराज श्रीवास्तव, फैज अकरम, धीरज यादव, मो. जमाल, मंजर खान, अनिल राउत, एजाजुल खान, इंतेखाब खान, शंकर चौधरी, गफ्फार साफी सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।

