तिरंगा यात्रा के बाद निकली साइकिल रैली, शुक्रवार को मशाल जुलूस की तैयारी; प्रशासन की पहल से आमजनों में बढ़ा उत्साह
छातापुर/सुपौल : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर छातापुर प्रखंड में देशभक्ति का माहौल लगातार परवान चढ़ रहा है। प्रखंड प्रशासन की ओर से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजनों में देशप्रेम की भावना को मजबूत किया जा रहा है। बुधवार को मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के बाद गुरुवार को साइकिल जुलूस निकाला गया। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है।
गुरुवार सुबह बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से तिरंगे के साथ साइकिल रैली निकाली गई। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से गूंज उठा। रैली में प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मियों के अलावा गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
साइकिल जुलूस मुख्य सड़क पर पहुंचते ही इसका कारवां लगातार बढ़ता चला गया। प्रशासन की पहल से वर्षों बाद कई लोगों को साइकिल चलाने का अवसर मिला। इस दौरान किसी ने बताया कि उन्होंने करीब 40 वर्षों बाद साइकिल चलाई, तो किसी ने 25 वर्षों बाद साइकिल चलाने की बात कही। देखते ही देखते कई विद्यालयों के बच्चे और आमजन भी अपनी साइकिल लेकर जुलूस में शामिल हो गए।
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रखंडवासी काफी उत्साहित हैं। प्रशासन की ओर से लगातार आयोजित की जा रही विविध गतिविधियों को सभी वर्गों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा और साइकिल जुलूस की सफलता के बाद अब स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है।
साइकिल जुलूस में सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, बीएसओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, शालीग्राम पांडेय, गौरीशंकर भगत, पवन कुमार हजारी, मकशुद मसन, मो. नुरुद्दीन, रामटहल भगत, गणेश झा, पन्नालाल यादव, मो. बदरूज्जमा, मो. मोजाहिद उर्फ हीरा, रघुनंदन मेहता सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, अभिभावक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
रिपोर्ट :- रियाज खान

