डॉ. परवेज आलम ने कहा— सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों के लिए समर्पित था रामविलास पासवान का जीवन
उदाकिशुनगंज/बिहार : अनुमंडल चौक स्थित ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट एवं ग्लोबल हॉस्पिटल परिसर में शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के जिला महासचिव डॉ. परवेज आलम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों एवं समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
डॉ. आलम ने उपस्थित लोगों से रामविलास पासवान के बताए आदर्शों पर चलने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भी उनके विचार और सिद्धांत पूरी तरह प्रासंगिक हैं तथा देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और जनसेवा के कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रिंस कुमार मिठू (सचिव), दीपक झा, गौतम कुमार, सोनू यादव, डॉ. पी. आलम सहित कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

