केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा : हमारे युवा दूसरे राज्यों में जाकर उस राज्य की तस्वीर बदलते रहे हैं

Spread the news

मधेपुरा/बिहार : केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह बुधवार को जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड स्थित नयानगर पहुंचे जहँ उनका भारी संख्या में उपस्थित जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने पूरे गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार सरकार विकास के पथ पर निरंतर अपना प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समावेशी समाज की स्थापना के साथ सभी वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। उनका प्रयास आत्मनिर्भर बिहार बनाने का है। जिसके लिए नए-नए स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम का संचालन हो रहा है। उद्यमियों को सहायता पहुंचाने तथा उद्योग स्थापित करने के लिए अनुदान देने का काम भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं को दिशा देने की आवश्यकता है। हमारे युवा दूसरे राज्यों में जाकर उस राज्य की तस्वीर बदलते रहे हैं। और आर्थिक उत्पादन की दृष्टि से उसे अग्रणी बनाने का प्रयास करते आ रहे हैं। लेकिन अब बिहार के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है। एक केंद्रीय मंत्री के रूप में बिहार के प्रति अपनी जिम्मेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस्पात के उत्पादन में हमारा देश दुनिया में दूसरे पायदान पर है। लेकिन खपत के मामले में हमारी स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए बिहार में इस्पात के प्राइमरी इंडस्ट्री को लगाने पर कार्य तेजी से चल रहा है। जिससे रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं बिहार के साथ-साथ कोसी जिले के विकास पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिसके अंतर्गत कोसी नदी पर फॉर लाइन पुल निर्माण सहित एनएच 106 पर भी काम तेजी के साथ चल रहा है।

जदयू प्रदेश महासचिव बुलबुल सिंह के माता स्वतंत्रता सैनानी गीता देवी के श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे मंत्री ने कहा जदयू सेवादल के प्रत्येक कार्यकर्ता को उनकी पार्टी पूरा सम्मान करती है। जदयू नेत्री बुलबुल सिंह की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वे पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं।

केंद्रीय इस्पात मंत्री का नयानगर चौक पर हुआ भव्य स्वागत : भारत सरकार के इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह का नयानगर में स्वागत किया गया। वे एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने नयानगर आए हुए थे। इस दौरान नयानगर चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। जदयू प्रदेश महासचिव बुलबुल सिंह अपने समर्थकों के साथ उन्हें पाग दोपता और माला पहनाकर स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने भगवती मंदिर में माथा टेका : केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने नयानगर स्थित भगवती मंदिर में माथा टेक राज्य व देश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। आरसीपी सिंह ने बुधवार को नयानगर मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की। मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकलकर मंत्री ने कहा कि यहां आकर काफी अच्छा लगा। भगवान से उन्होंने समूचे देशवासियों की खुशहाली के लिए कामना की है। कोरोना महामारी से पूरे विश्व की रक्षा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि देशवासी स्वस्थ रहें। भारतवर्ष धन्य-धान से परिपूर्ण रहे।
उनके आगमन पर पार्टी के कार्यकर्ता पहले से ही मंदिर के इर्द-गिर्द में इंतजार कर रहे थे। पूजा अर्चना के बाद केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए और संगठन को और ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेवारी सौंपी। कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और ऊंचाइयों पर ले जाने में इमानदारी से कार्य करने की भरोसा दिलाया।

मौके पर पूर्व मंत्री रमेश ऋषिदेव, जदयू प्रदेश महासचिव बुलबुल सिंह, जदयू नेत्री अन्नू देवी, राजेंद्र शर्मा, पुर्व मुखिया अब्दुल अहद, सिकंदर अंसारी, जदयू प्रखंड जनार्दन राय, यशवंत कुमार, चंद्रशेखर सिंह, चंद्रमणि सिंह, शैलेश पाठक, अमर सिंह, प्रशांत कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

कौनैन बशीर समाचार संपादक
कौनैन बशीर
समाचार संपादक

Spread the news