मधेपुरा की बेटी सोनी राज ने एशियन सैम्बो चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देश का बढ़ाया मान

Sark International School
Spread the news

अमित कुमार अंशु
उप संपादक

मधेपुरा/बिहार : मधेपुरा की बेटी सोनी राज ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक इंडोर स्टेडियम में आयोजित एशियन सैम्बो चैंपियनशिप में भाग लेकर भारत के लिए कांस्य पदक जीता है। सोनी राज ने इस प्रतियोगिता में सीनियर महिला 48 किलो वर्ग में कज़ाकिस्तान के जिलकिबैया को हराकर यह मुकाम हासिल किया। यह जानकारी भारतीय सैम्बो टीम के मैनेजर सावंत कुमार रवि ने दी।

गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में 25 देशों ने भाग लिया और भारत की बेटी ने कड़ी मशक्कत के बाद भारत के लिए पदक जीतकर देश को एक मुकाम दिलाया है। सोनी राज का चयन दिल्ली में आयोजित ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर महिला वर्ग में सीनियर कोटि के 48 किग्रा भार वर्ग में हुआ था।

कई देशों के प्रतिनिधि से हुई सम्मानित : ज्ञात हो कि सोनी राज ने सैम्बो की तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिता मेडल जीती है। सैम्बो यूनियन ऑफ एशिया के अध्यक्ष अलमजॉन मुल्लएव, सिंगापुर सैम्बो महासंघ के अध्यक्ष, इंडोनेशिया सैम्बो संघ के अध्यक्ष क्रिसना बायु, चीन के कुई यूआन वांग, कोरिया के सैम्बो संघ के उपाध्यक्ष मियोउंंग जुंग, इराक के मोखलेश हसन हैदर, अफगानिस्तान के शिर अली असाडी, उज्बेकिस्तान सैम्बो संघ के अध्यक्ष अलीशेर अलिमोव एवं अन्य देशों के अधिकारियों की उपस्थिति में सोनी राज को सम्मानित किया गया।

 यह प्रतियोगिता 12 से 15 सितंबर 2019 तक आयोजित हुई. एशियन चैंपियनशिप में भाग लेना मधेपुरा जिले के बेटी के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि पर भारतीय सैम्बो संघ के अध्यक्ष  भागीरथ लाल, महासचिव डिप्टी राम शर्मा, मधेपुरा के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, किशनगंज के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष, बिहार सैम्बो संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह, टीपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डा केपी यादव,  विजय कुमार, सावंत कुमार रवि, अमित कुमार अंशु एवं खेलप्रेमियों ने बधाई दी है।


Spread the news
Sark International School