मधेपुरा/बिहार : सोमवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचिकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का औचक निरीक्षण किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर परिषद, मधेपुरा, टीपी कॉलेज, मधेपुरा, प्रखंड सभा भवन, सिंहेश्वर तथा कृषि भवन प्रखंड परिसर, सिंहेश्वर में संचालित हो रहा है, जहां पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को जनगणना कार्य हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, सामग्री की उपलब्धता एवं प्रशिक्षकों द्वारा दिए जा रहे मार्गदर्शन का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संचालित किया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी श्री रंजन ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आधार पर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का निर्माण एवं उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। अतः इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक एवं सही तरीके से भरें, संकलित आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखें तथा घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने के दौरान पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं सजगता का परिचय दें। साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक प्रपत्र, उपकरण एवं तकनीकी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनगणना-2027 का कार्य जिले में सुचारू, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

