मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : जिला के थाना क्षेत्र में जबरन शादी कराने की कोशिश का एक हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक युवक को नशे की हालत में उसके ही बड़े भाई की पत्नी के साथ शादी कराने का प्रयास किया जा रहा था। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जाता है कि यह मामला उस समय सामने आया जब काशीपुर निवासी स्वर्गीय तारिणी प्रसाद शाह के पुत्र राजेश कुमार ने मुरलीगंज थाना में आवेदन देकर अपने भाई मुकेश कुमार के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि युवक को कुमारखंड थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव में ले जाकर उसकी शादी कराई जा रही है। बताया जाता है कि जिस महिला से युवक की शादी कराने की कोशिश की जा रही थी, वह उसके ही बड़े भाई की पत्नी है। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
आरोप है कि महिला के मायके पक्ष के लोगों ने युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी शादी कराने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि महिला की एक आठ वर्षीय बेटी भी है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक नशे की हालत में बेसुध नजर आ रहा है, जबकि पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के बीच शादी की रस्में पूरी कराने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को वहां से बरामद कर मुरलीगंज थाना ले आई। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

