मधेपुरा/बिहार : अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की महिला सेल की राज्याध्यक्ष अंजना सिंह ने मधेपुरा पुलिस के कुछ थानेदारों द्वारा महिलाओं के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार और यौन शोषण के मामलों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस संबंध में एसपी से बात कर दोषी थानेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि सिंहेश्वर में एक थानेदार ना सिर्फ महिला के साथ दुर्व्यवहार करते हैं बल्कि उसका केस भी दर्ज नहीं करते हैं। इसी तरह चौसा थाना के थानेदार केस-मुकदमों में पैरवी के लिए महिलाओं का यौन शोषण करते रहे हैं। ऐसी करतूत महिलाओं के प्रति अपराध तो है ही, साथ ही मानवाधिकार का उल्लंघन भी है। ऐसे थानेदारों पर कार्रवाई अन्य पुलिसकर्मियों के लिए चेतावनी होगी। अंजना सिंह ने बताया कि एसपी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मामलों की जांच डीएसपी से कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मालूम हो कि अंजना सिंह सिंहेश्वर के सरोपट्टी निवासी सेवानिवृत डीईओ विष्णुदेव सिंह की पुत्री हैं।