छातापुर/सुपौल/बिहार। छातापुर बाजार स्थित बंधन होटल परिसर में महादेव मंदिर स्थापना के निमित्त आयोजित होने वाले भव्य कलश यात्रा, मूर्ति नगर भ्रमण, प्राण प्रतिष्ठा एवं महाप्रसाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को बंधन परिसर स्थित वेंकेट भवन में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता शालीग्राम पाण्डेय ने की। इस दौरान आयोजन की सफलता को लेकर कमिटी का गठन करने के साथ-साथ कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष शालीग्राम पाण्डेय ने बताया कि 16 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें पूरे प्रखंड क्षेत्र से 1111 युवतियां एवं महिलाएं शामिल होंगी। कलश यात्रा बंधन होटल परिसर से प्रारंभ होकर चुन्नी धार तक जाएगी, जहां कलश में जल भरने के बाद सभी श्रद्धालु वापस बंधन होटल परिसर पहुंचेंगे। वहीं, 17 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे मूर्ति नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह यात्रा बंधन होटल परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए डहरिया पेट्रोल पंप तक जाएगी और वहां से वापस बंधन होटल परिसर पहुंचेगी। इसके बाद महादेव मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा तथा भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
सर्वसम्मति से कमिटी का गठन
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बैठक में मुख्य कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से संजीव मिश्रा को मुख्य संरक्षक, शालीग्राम पाण्डेय को अध्यक्ष सुशील कर्ण, नागेश्वर मंगरदेता एवं विकास कुमार को आयोजन संयोजक तथा गुंजन भगत को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 13 अगस्त को पुनः बैठक आयोजित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी।पूरी तरह निःशुल्क होगा आयोजनआयोजन के मुख्य संरक्षक संजीव मिश्रा ने बताया कि छातापुर में पहली बार इतने भव्य स्तर पर महादेव मंदिर स्थापना, कलश यात्रा, मूर्ति नगर भ्रमण एवं महाप्रसाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पूरा आयोजन बिल्कुल निःशुल्क होगा और आयोजन के लिए किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं लिया जाएगा। उन्होंने छातापुर के सभी नागरिकों से अपील की कि वे एकजुट होकर इस धार्मिक एवं पुनीत आयोजन में शारीरिक सहयोग प्रदान करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
बैठक में मोहन मलाकर, आलोक सिंह, अमोद यादव, छोटू भगत, सुशील मंडल, मनोज झा, ललिता देवी, कुंदन कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : रियाज खान

