मधेपुरा/बिहार : लगभग एक सप्ताह तक हुई बारिश के कारण निचले इलाकों के जल क्षेत्र में बेतहाशा वृद्धि होने के कारण मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के रहटा फनहन पंचायत के दर्जनों घर में बाढ़ ने तबाही मचा दिया है। लोग बाढ़ की पानी से घीर चुके है। वहीं चारा के अभाव में मवेशियों को काफी परेशानी हो रही है।
मालूम हो कि उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के हरैली गांव होकर गुजरने वाली कोसी की सहायक नदी के उफान से फनहन गांव के सैकड़ों घरों में बाढ का पानी घुस आया है। वहीं सैकड़ों हेक्टेयर में लगी धान की फसल बर्बाद हुई है। गांव के बाढ प्रभावित लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। नदी में पानी का रफ्तार बढता जा रहा है। जिससे लोगों में भय की स्थिति बनी हुई है। लोगों को प्रशासनिक मदद की दरकार है।
स्थानीय मुखिया बीबी नुरानी और पूर्व प्रमुख मो. मुख्तार आलम ने बताया कि उनके पंचायत के वार्ड संख्या एक, दो, तीन और चार के लोग प्रभावित हुए हैं। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाढ की वजह से लोगों को भाड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के मुताबिक तीन दिन पहले नदी में उछाल आया। नदी में उछाल का सिलसिला जारी है। नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से लोग खासे परेशान नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी का रफ्तार इसी तरह रहा तो परेशानी बढ जाएगी। बाढ की वजह से लोगों को खाने, रहने और आवागमन में परेशानी है। वहीं पशुओं को चारे की दिक्कतें आ रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बाढ की सूचना प्रशासन को दी। यधपि अबतक प्रशासन ने कोई सुध नहीं लिया है। वहीं कृषि विभाग के कर्मी ने फसल क्षति का आकलन किया। कर्मी ने बताया कि वह अधिकारी को रिपोर्ट समर्पित करेंगे।
बताया जाता है कि पिछले दिनों लगातार हुई मूसलाधार बारिश और नेपाल से कोसी बराज में छोड़े गए अधिक पानी की वजह से ईलाके में बाढ की नौबत आई। बाढ के पानी के वजह से फनहन गांव के पास नहर क्षतिग्रस्त हो गया है। नहरों के सहारे भी पानी घरों और खेतों में घुस रहा है। रहटा फनहन पंचायत के फनहन गांव के वार्ड संख्या तीन और चार के लोग प्रभावित हुए है। जिनके घर पानी में डूबे है। उनमें गांव के बासु मंडल, अशोक मंडल, भोला शर्मा, टुनो शर्मा, दयाल मंडल, राजो मंडल, भजन मंडल, साजन कुमार, मीना देवी, खुशबू देवी, नीतू देवी, रेखा देवी, पृथ्वी मंडल, राजकिशोर मंडल, सुनील चौधरी, सुनीता देवी आदि शामिल है। जबकि वार्ड संख्या एक भित्ता टोला के लोगों के घर पूरी तरह पानी में समा गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलने के रास्ते नहीं बच गए है। वहीं गांव के मोहम्मद अली, मोहम्मद अलीम, मोहम्मद मुर्शीद, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद अंजार, मोहम्मद यूसुफ, सेख सलीम, मोहम्मद मुर्शीद, मोहम्मद मुकीम सहित दर्जनों लोगों के खेत में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई है। बहरहाल लोगों को प्रशासनिक मदद की दरकार है।