मधेपुरा/बिहार : जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण के मद्देनजर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा जिला मुख्यालय अंतर्गत नया एवं पुराना बस स्टैंड, सिंहेश्वर मंदिर परिसर सहित विभिन्न दुकानों एवं अन्य संभावित स्थलों पर विशेष सघन छापामारी अभियान चलाया गया।
इस व्यापक अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थलों की गहन जांच की गई तथा शराब एवं नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई। टीम द्वारा सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

छापामारी अभियान का नेतृत्व निरीक्षक मद्यनिषेध बबलू कुमार द्वारा किया गया, जिसमें अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय एवं समर्पित भागीदारी रही। अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाना है, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर एक स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना भी है।
मद्यनिषेध विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने में सहयोग करें साथ ही, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देकर नशामुक्त, सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।

