मधेपुरा/बिहार : मंगलवार को डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—से संबंधित फील्ड प्रशिक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा पूछे गए सभी 33 प्रश्नों का विस्तृत एवं संतोषजनक समाधान किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में स्व-गणना (Self Enumeration) सहित जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर गहन जानकारी प्रदान की गई। यह प्रशिक्षण पटना जनगणना निदेशालय से आए समन्वयक सुनील कुमार, निदेशक डीआरडीए अमित कुमार पांडे, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी चंदन कुमार तथा जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शिवनारायण राउत द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े सभी तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी विस्तार से दी गई। इस बार जनगणना कार्य पूर्णतः डिजिटल मोड में मोबाइल ऐप के माध्यम से संपन्न किया जाएगा, जो पारदर्शिता एवं दक्षता ۔ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्व-गणना का कार्य दिनांक 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत 2 मई से 31 मई 2026 के बीच मकान सूचीकरण का कार्य संपन्न किया जाएगा।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने सभी प्रशिक्षकनार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण है, अतः इसमें विशेष सावधानी बरतना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि संकलित आंकड़ों की गोपनीयता हर हाल में बनाए रखें। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रत्येक प्रगणक को पूरे जनगणना कार्य के दौरान एक ही मोबाइल उपकरण का उपयोग करना होगा। केवल विशेष परिस्थितियों में ही मोबाइल परिवर्तन की अनुमति जनगणना निदेशालय, पटना से प्राप्त की जा सकेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी संबंधित फील्ड प्रशिक्षक उपस्थित रहे तथा उन्होंने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। जनगणना 2027 के सफल संचालन हेतु यह प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

