मधेपुरा/बिहार : सिंहेश्वर स्थित प्रतिमा सिंह धर्मशाला में सिंहेश्वर मेला/महाशिवरात्रि/सिंहेश्वर मेला 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर सतर्क एवं सक्रिय रहने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निरंतर गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर, भीड़-नियंत्रण की प्रभावी रणनीति तथा कंट्रोल रूम से सतत संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया।
बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन ने आमजनों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा मेला के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन में सहयोग प्रदान करें।

