मधेपुरा/बिहार : मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी पंचायत वार्ड 14 दमगारा टोला प्रसादी चौक के समीप बुधवार की देर रात घर में सोए पति पत्नी की अज्ञात बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दिया। गुरुवार की रात करीब नौ बजे आस पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी हो पाई। सूचना पर थानाध्यक्ष अजीत कुमार दल बल के साथ पहुंचे और परिजनों से जानकारी लेकर दोनो शव को रात में हीं पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छानबीन तेज कर दिया गया। घटना के विरोध में शुक्रवार की सुबह आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोनों शव को मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच 91 मुख्य मार्ग पर प्रसादी चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। घंटों सड़क जाम रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने सड़क के दोनों तरफ बांस बल्ला लगाकर जाम कर दिया था। पीड़ित परिजन और स्थानीय लोग घटना की उच्च स्तरीय जांच, फोरेंसिक टीम, डाॅग स्क्वायड को बुलाने और बदमाशों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। स्थानीय जनप्रतिनिधि, थानाध्यक्ष और समाजिक लोगों के द्वारा काफी समझाने पर लगभग ढ़ाई घंटे बाद सड़क जाम हटाया गया। इधर घटना से मातमी माहौल गमगीन बना है।
सूचना पर घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डाॅग स्क्वायड स्थल पर पहुंचे। विभिन्न बिन्दुओ पर जांच किया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों शव का दाह-संस्कार कराया। बताया गया रजनी पंचायत के वार्ड 14 निवासी सब्जी विक्रेता दिनेश दास (50 वर्ष) उनकी पत्नी भलिया देवी (45 वर्ष) की बुधवार की देर रात बदमाशों ने वजनदार ईट पत्थर व लोहा से मार मार कर हत्या कर दिया। आस पास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लग पाया। निरीह सरल स्वभाव के व्यक्तियों की घर में निर्मम हत्या होने से क्षेत्र में सनसनी व्याप्त है। लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। बताया कि दिनेश दास का पैतृक घर बरहारा कोठी के पोठिया गाँव है। वे शादी के बाद अपने ससुराल में हीं रह गए। प्रसादी चौक पर वर्षों से सब्जी बेचकर जीवन यापन करते थे।
ससुराल में रह रही दिनेश दास की एकलौती बेटी रंजन कुमारी ने बताया कि गुरुवार की रात मां पिता जी से बात कराने के लिए पड़ोसी को फोन किये थे। जिसके बाद पता चला की किसी ने मां और पिता को मार दिया है। उन्होंने बताया कि जमीनी विवाद में हत्या किया गया है। घर से आवश्यक कागजात की चोरी कर लिया गया है।
बहरहाल घटना के बाद पुलिस सभी बिन्दुओ पर गहन छानबीन शुरू कर दिया है। दोनों शव के सिर और मुंह पर गहरे जख्म देखे गए। जिससे प्रतीत हो रहा है कि बदमाशो ने वजनदार ईट और लोहा से मार मार कर दोनो पति पत्नी की निर्मम हत्या कर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि घटना को लेकर सभी बिन्दुओ पर छानबीन तेज कर दिया गया है। दोनो शव की पोस्तमार्टम कराकर पीड़ित परिवार को सौंप दिया गया है। प्रथमदृष्टया जमीनी विवाद में हत्या का कारण स्पष्ट हो रहा है। आवेदन प्राप्त होने पर मामला दर्ज किया जाएगा।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट