उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/बिहार : उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित राजनंदन कला भवन के प्रांगण में समाज कल्याण विभाग बिहार पटना के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी एस. जेड. हसन की अध्यक्षता में बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन हेतु अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें उदाकिशुनगंज, आलमनगर, ग्वालपाड़ा, चौसा, पुरैनी एवं बिहारीगंज प्रखण्ड के पदाधिकारीगण शामिल हुए। वहीं कार्यशाला में अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने की बात एसडीओ ने कही। मौके पर सभा को संबोधित करते हुए उदाकिशुनगंज एसडीओ एस. जेड. हसन ने बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए उनके दुष्परिणामों को बताया। उन्होंने समझाते हुए कहा कि दहेज लेना या देना कानूनन अपराध है और एक सामाजिक कुरीति भी है। सभी लोगों के सहयोग इसे खत्म करना जरूरी है। इस तरह के संगीन अपराध करने वालों को कठोर दण्ड का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षकों का बहुत बड़ा स्थान है अतः उन्हें भी अमुल्य योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेवारी है कि संबंधित अभिभावकों, रिश्तेदारों, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों, शिक्षकों, अधिकारियों, धार्मिक गुरूओं तथा पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समिति को बाल विवाह रोकने का प्रयास करना चाहिए। इस तरह की स्थिति पर निगरानी करते हुए एसडीओ, बीडीओ या स्थानीय थाना के पास शिकायत दर्ज करायी जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील किया कि समाज में कही भी बाल विवाह की सूचना हो तो हमें तुरंत बताये। वही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सी. पी. यादव ने बताया की बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कर दहेज प्रथा एवं बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए समाज को जागृत करना है। मौके पर एसडीपीओ सी. पी. यादव, भूमिसुधार उपसमाहर्ता ललित कुमार सिंह, सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बाल विकास पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, जीविका प्रबंधक, सभी बीआरपी, समाजसेवी, सभी थाना के थानाध्यक्ष, परिक्ष्यामण अपर समाहर्ता ग्वालपाड़ा बिरजू कुमार एवं मनीष कुमार, महिला विकास निगम समन्वयक श्यामदेव राय व अन्य उपस्थित थे।