मधेपुरा : विश्व विकलांगता दिवस पर दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद एवं शैक्षणिक सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

Spread the news

अमित कुमार
उप संपादक

मधेपुरा/बिहार : विश्व विकलांगता दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित बीएन मंडल स्टेडियम में बिहार शिक्षा परियोजना के द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद एवं शैक्षणिक सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला, जिला शिक्षा पदाधिकारी उग्रेश प्रसाद मंडल, प्रभारी सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी लेखा योजना नारद प्रसाद द्विवेदी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्याह्न भोजन योजना केएन सदा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान गिरीश कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।

मौके पर जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला द्वारा दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा आज का दिन दिव्यांग बच्चों को समर्पित है। भारत ही नहीं पूरे विश्व में आज का दिन दिव्यांग जनों को समर्पित किया गया है। धीरे धीरे समाज की जो मानसिकता थी की दिव्यांग लोग सभी कार्य करने में सक्षम नहीं है, लेकिन तकनीक के सहारे और लोगों की मानसिकता अब बदलने लगी है। आज सभी क्षेत्रों में दिव्यांग लोग कार्य कर रहे हैं और सामान्य लोगों से कंधा से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। कई जगह पर दिव्यांग लोगों के सफलता की कहानियां भी सुनी जा रही है। सभी क्षेत्रों में इन लोगों ने देश का नाम रोशन किया है। चाहे वह खेलकूद हो, पढ़ाई लिखाई का क्षेत्र हो, सेवा का क्षेत्र हो या फिर विदेशों में जो देश का प्रतिनिधित्व करता है उसमें भी आज दिव्यांग लोग कार्य कर रहे हैं। यह हम लोगों की जिम्मेदारी बनती है विधिक भी और नैतिक भी कि सभी लोग उनको मौका दें, जिससे वह हमारे बराबरी के मंच पर आ सकें और अपनी जिंदगी को पूर्ण रूप से जी सकें। सरकार और जिला प्रशासन इस कार्य के प्रति पूरी तरह से कटिबद्ध है।

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी उग्रेश प्रसाद मंडल ने कहा कि दिव्यांग दिवस के अवसर पर बिहार शिक्षा परियोजना बिहार पटना की ओर से दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षणिक गतिविधि, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस आयोजन में दिव्यांग बच्चे की अधिक से अधिक भागीदारी होगी। जिससे इनको समाज के मुख्यधारा में जोड़ा जा सके। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को पुरस्कृत कर उनके मनोबल को बढ़ाया जाएगा, ताकि आगे चलकर यह बच्चे अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लें और समाज के सारे कार्यों में इनकी हिस्सेदारी बने।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मधेपुरा द्वारा दिव्यांग बच्चों के बीच स्वेटर एवं ब्रेल बुक का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला कबड्डी संघ सचिव अरुण कुमार ने किया। मौके पर समाज सेवी समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान पूनम कुमारी, कार्यक्रम सहायक सर्व शिक्षा अभियान प्रमोद कुमार, मास्टर मेंटर शिक्षक यादव विक्रम, विमल कुमार भारती, बीईओ जनार्दन कुमार निराला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


Spread the news