नालंदा : डीएम  की अध्यक्षता में हर घर-नल का जल एवं पक्की गली-नाली योजना की समीक्षात्मक बैठक

Spread the news

मुर्शीद आलम
नालंदा ब्यूरो
बिहार

नालंदा/बिहार : जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नल का जल एवं पक्की गली नाली योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। बुडको के नए कार्यपालक अभियंता ने जिला में अपना कार्यभार ग्रहण किया है।  जिला पदाधिकारी ने उन्हें नगर निगम क्षेत्र में पाइप बिछाने एवं हाउस कनेक्शन देने के कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया। इसके लिए आवश्यक संसाधनों एवं मानव बल में बढ़ोतरी कराने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर पंचायत इसलामपुर में 17 वार्डों में नल जल का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष दो वार्डों में 20 जुलाई तक कार्य पूर्ण कराने का निदेश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। नगर परिषद हिलसा में इस माह के अंत तक सभी शेष वार्डों का कार्य पूर्ण कराने का निदेश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया।

नगर पंचायत सिलाव में नल जल का कार्य पीएचईडी द्वारा किया जा रहा है। यहाँ के कार्य प्रगति पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। डीएम कार्यपालक अभियंता PHED को मानव बल में आवश्यकतानुसार वृद्धि कर कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया।

उन्होंने कार्यपालक अभियंता को प्रतिदिन एक बार कार्यपालक पदाधिकारी के साथ संयुक्त रूप से स्थल भ्रमण कर प्रगति का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार नगर पंचायत राजगीर में भी कार्यपालक पदाधिकारी के साथ प्रतिदिन एक बार संयुक्त स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पीएचईडी के द्वारा क्रियान्वित योजनाओं में से विभिन्न प्रखंडों के 6 वार्डों में विभिन्न स्थानीय समस्या के कारण कार्य अवरुद्ध है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्ता के समन्वय के साथ इन सभी वार्डों में स्थानीय समस्या का निवारण कर अविलंब कार्य प्रगति में लाने का निर्देश दिया। पंचायतों के वार्ड कार्यान्वयन समिति के माध्यम से सभी वार्डों में कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिला पदाधिकारी ने सभी अपूर्ण वार्डों का कार्य तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश जिला पंचायती राज पदाधिकारी को दिया।

 सभी नगर निकायों को पक्की गली नाली योजनाओं के शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निगम के उप नगर आयुक्त एवं अन्य नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी जुड़े थे।


Spread the news