नालंदा : नालंदा गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण

Spread the news

मुर्शीद आलम
नालंदा ब्यूरो
बिहार

नालंदा/बिहार : जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने नालंदा थाना क्षेत्र के नालंदा मोड़ के पास नालंदा गेस्ट हाउस में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर का निरीक्षण किया गया। इस सेंटर में बिहार शरीफ के खासगंज मुहल्ले के कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के निकटतम संपर्क में आने वाले सभी 25 व्यक्तियों को इस क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया है।

जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों से एक अभिभावक के रूप में हाल-चाल की जानकारी ली तथा यहां रखे जाने के उद्देश्य के बारे में विस्तृत रूप से बताया। यहां क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखे गए सभी लोगों का सैंपल जांच हेतु भेजा गया था जो नेगेटिव पाया गया है। कोविड-19 के मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार तीन-चार दिनों के बाद फिर इन सभी लोगों का दूसरा सैंपल भी जांच के लिए पटना भेजा जाएगा, जिसमें निगेटिव पाए जाने पर सभी लोगों को 14 दिन की अवधि के बाद होम क्वॉरेंटाइन में भेजा जायेगा। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने लोगों से समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। क्वारंटाइन  लोगों ने बताया कि यहाँ तीन टाइम का खाना एवं चाय समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी तरह की कोई कठिनाई नहीं है।

 जिला पदाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सिलाव को इन लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित अन्य तरह की समस्याओं के लिए आवश्यकतानुसार दवाई उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

 इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिलाव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सिलाव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।


Spread the news