दरभंगा : जिलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कई प्रखण्ड के कई क्वारंटाइन केंद्रों  का लिया जायजा

Spread the news

ज़ाहिद अनवर (राजु)
उप संपादक

दरभंगा/बिहार : दरभंगा जिला में आज की तिथि में विभिन्न प्रखण्डों में कुल 197 क्वारंटाइन सेन्टर कार्यरत होने की सूचना है। इसमें 2287 व्यक्ति आवासित है। इनलोगों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया है और प्रत्येक दिन इनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। क्वारंटाइन केंद्रों में आवासित कराये गये लोंगो के लिये सभी बुनियादी सुविधाएं सरकारी स्तर पर उपलब्ध कराई जा रहीं है।

जिलाधिकारी के निदेश पर आज जिला स्तरीय पदाधिकारी/सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकरी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि के द्वारा सभी क्वारंटाइन केंद्रों  का भौतिक निरीक्षण किया गया। बताया गया कि बहेड़ी के एमओआईसी द्वारा आवासित लोंगो की जाँच सही तरिके से नहीं कराई जा रहीं है। जिलाधिकारी ने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए उनसे स्पष्टीकरण पूछने एवं वेतन बंद करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया है।

जिलाधिकारी द्वारा भी खुद हायाघाट प्रखण्ड अन्तर्गत कई क्वारंटाइन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इसमें मँझोलिया, मलहीपट्टी, सिंघौली, श्रीरामपुर, सहोड़ा, मिर्जापुर, घोषरामा, रुस्तमपुर आदि पंचायतों में कार्यरत क्वारेंटाईन सेंटर शामिल है। जिलाधिकारी ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, हायाघाट को सभी क्वारंटाइन सेन्टरों में आवासित लोगों के हेल्थ का बराबर स्क्रीनिंग कराने एवं उन्हें अनिवार्य रूप से क्वारंटाइन केंद्रों में ही ठहराने के लिए निदेश दिया गया। उन्होंने कहा है कि क्वारंटाइन सेन्टर में आवासित कराये गये लोग अपने गाव या घर में घूमते रहेंगे तो कोरोना के संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ जायेगा। सभी क्वारंटाइन केंद्रों में सोशल डिस्टेंसिंग नियम का पालन सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भोजन/आवासन में व्यय का भुगतान आपदा मद से किया जा रहा है।

प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के द्वारा उन्हें बताया गया कि गांवों में साफ-सफाई नहीं हो रही है, इसलिए मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसलिए विल्लेज हेल्थ सैनिटेशन फंड एवं पंचम वित्त आयोग के अनुदान की राशि से गांवों में साफ-सफाई कराई जाये। कहा कि साफ-सफाई नहीं होने पर बीमारी के फैलने का खतरा रहेगा। इसलिए सभी ग्राम पंचायत मुखिया के माध्यम से सभी गांवों में डी.डी.टी. का छिडकाव कराई जाये। इसके लिये पंचायतों में निधि उपलब्ध है।

आज जिला के अन्य अधिकारियों के द्वारा भी विभिन्न विल्लेज क्वारंटाइन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा ने मनीगाछी प्रखण्ड में संचालित क्वारंटाइन केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला परिवहन पदाधिकारी, दरभंगा ने बहादुरपुर अंचल में संचालित क्वारंटाइन केन्द्रों का, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, दरभंगा ने सिंहवाड़ा में संचालित क्वारंटाइन केन्द्रों का, जिला योजना पदाधिकारी, दरभंगा ने कुशेश्वरस्थान अंचल में संचालित केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी द्वारा अपने-अपने प्रखण्ड में संचालित केन्द्रों का निरीक्षण कर क्वारंटाइन केन्द्रों में सभी बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित कराई गई।


Spread the news