नालंदा :  डीएम ने एकंगर सराय बाईपास के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

Spread the news

मुर्शीद आलम
नालंदा ब्यूरो
बिहार

नालंदा/बिहार : जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने हिलसा अनुमंडल में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर स्थल का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने एकंगर सराय में निर्माणाधीन बाईपास का भी निरीक्षण किया।

 इस बाईपास का निर्माण ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में किया जा रहा है। लगभग 3.8 किलोमीटर लंबी यह बाईपास सड़क एस एच-4 के रक्सा मौजा से निकलकर एन एच 110 को धावा में क्रॉस करते हुए महाराजगंज के पास एस एच-4 में मिलेगी। इस बाईपास में मिट्टी का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। लगभग 1 वर्ष की अवधि में इस बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसका निर्माण पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल हिलसा द्वारा कराया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल हिलसा संजय शर्मा को लक्षित समय सीमा के अंतर्गत इस बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने हिलसा प्रखंड के पचासा के पास लोकायन नदी पर विगत वर्ष के बाढ़ में क्षतिग्रस्त तटबंध के कराए गए मरम्मती कार्य का भी निरीक्षण किया। इस तटबंध की मरम्मती बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल एकंगर सराय द्वारा कराई गई है। बाढ़ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता भी इस दौरान मौजूद थे।जिला पदाधिकारी ने तेल्हारा में म्यूजियम के निर्माण हेतु विभिन्न संभावित स्थलों का भी स्थल निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। शीघ्र ही म्यूजियम निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव जिला स्तर से भेजा जाएगा।

निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा, भूमि सुधार उप समाहर्ता हिलसा सहित स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


Spread the news